शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य विभाग नए साल पर तोहफा दे रहा है। जनवरी के पहले सप्ताह में जिला स्वास्थ्य विभाग को चार एंबुलेंस मिलेंगी।
मरीजों को लाने ले जाने वाली एंबुलेंस की मांग जोरों पर थी। अभी जिला स्वास्थ्य विभाग के पास 108 नंबर की छह एंबुलेंस मौजूद हैं। शहर के अलग-अलग स्थानों पर यह एंबुलेंस तैनात रहती है।
आकस्मिक स्थिति में 108 नंबर पर कॉल करके कोई भी मरीज एंबुलेंस से नि:शुल्क मदद ले सकता है। 108 एंबुलेंस के लिए कॉल करने पर लखनऊ में बने कॉल सेंटर पर कॉल दर्ज होती है।
लखनऊ के कॉल सेंटर से घटना स्थल के पास की 108 नंबर की एंबुलेंस को सूचना दी जाती है। एंबुलेंस घटना स्थल पर पहुंच कर घायल को नजदीकी अस्पताल तक ले जाती है।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार हर महीने इस एंबुलेंस की मदद से करीब 750 से 800 लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. आर के गर्ग का कहना है कि अच्छी सेवा को देखते हुए एंबुलेंस की मांग और तेज हो रही है।
जिसे देखते हुए शासन की तरफ से चार नई एंबुलेंस दी जा रही है।