-महेंद्र पार्क इलाके की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। महेन्द्र पार्क इलाके में दुकान के बाहर हंगामा करने से मना करने पर हमलावरों ने दुकानदार को चाकू गोद दिया। पीड़ित की पहचान मुकेश के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। परिजनों ने पीड़ित को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
पीड़ित मुकेश परिवार के साथ जहांगीरपुरी में रहते हैं। मुकेश के पिता का डीडीए मार्केट जहांगीरपुरी में जनरल स्टोर है। प्राथमिकी में मुकेश ने बताया कि 22 अक्तूबर की रात उनके पिता घर चले गए। रात करीब 10.30 बजे दुकान के बाहर दो बदमाश हंगामा करने लगे। पीड़ित ने दोनों को दुकान से दूर जाने को कहा।आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने जांघ पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।