आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को एक बार फिर केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली पर निशाना साधा। पार्टी का कहना है कि मुदगल कमेटी की रिपोर्ट साफ-साफ बताती है कि जेटली के डीडीसीए अध्यक्ष रहते हुए नियम-कानून की धज्जियां उड़ाई गईं।
वहीं, लेन-देन का भी कोई रिकॉर्ड नहीं रखा गया। आप ने डीडीसीए के कथित घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाते हुए जेटली का इस्तीफा मांगा है। आप नेता आशुतोष ने कहा कि पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश (सेवा.) मुकुल मुदगल की जांच रिपोर्ट से साफ हो गया है कि डीडीसीए के वरिष्ठ अधिकारियों समेत कार्यालय पदाधिकारियों ने नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाईं।
वहीं, बैठकों का कोई रिकॉर्ड भी नहीं रखा। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के पेज नंबर 13 पर साफ-साफ लिखा है कि टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी नहीं थी। पहले के मैचों का इससे जुड़ा रिकॉर्ड भी नदारद है। टेंडर कमेटी के साथ दूसरी कमेटियों का भी कोई रिकॉर्ड नहीं है।