आम आदमी पार्टी के चुनाव चिन्ह झाड़ू पर एक नया बवाल खड़ा हो गया है। दिल्ली हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग को नोटिस देकर यह स्पष्ट आप को झाड़ू चुनाव चिन्ह देने पर जवाब मांगा है।
आम आदमी पार्टी के चुनाव निशान को लेकर मामला पहले से ही इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधीन था। अब दिल्ली हाईकोर्ट ने इस पर चुनाव आयोग को नोटिस जारी करके स्पष्ट जवाब मांग लिया है। दिल्ली में विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी को झाड़ू चुनाव चिन्ह पाने के लिए काफी मश्कत करनी पड़ी थी।
अब पार्टी पर चुनाव निशान झाड़ू के छिन जाने का खतरा मंडराने लगा है। दरअसल एक अन्य पार्टी ने इस चुनाव निशान पर अपना दावा करते हुए कहा है कि यह निशान उसे पहले से चुनाव आयोग आवंटित कर चुका है इसलिए लोकसभा चुनावों में यह उसे ही आवंटित किया जाए।
झाड़ू पर एक और पार्टी का है दावा
आम आदमी पार्टी के चुनाव निशान झाड़ू पर एक अन्य राजनीतिक पार्टी अपना चुनाव चिन्ह होने का दावा कर रही है। यह पार्टी उत्तर प्रदेश की 'राष्ट्रीय नैतिक पार्टी' है। पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में आप को झाड़ू चुनाव निशान मिलने पर जनवरी में इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दी थी।
तब इलाहाबाद हाई कोर्ट ने नोटिस देकर सभी पक्षों को नोटिस जारी किया था और सभी पक्षों से चार हफ्ते में शपथ पत्र पर जवाब मांगा था।
झाड़ू चुनाव चिन्ह को लेकर राष्ट्रीय नैतिक पार्टी के चंद्र भूषण पाण्डेय ने आज इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका दायर की थी। उनकी याचिका पर न्यायमूर्ति राजीव शर्मा व महेन्द्र दयाल ने चुनाव आयोग सहित सभी पक्षकारों को नोटिस जारी कर चार हफ्ते में जवाब मांगा था।
इसी चुनाव निशान पर चुनाव लड़ चुकी है यह पार्टी
नैतिक पार्टी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट को दी गई अपनी याचिका में कहा कि उत्तर प्रदेश में 2012 के विधानसभा चुनाव में केंद्रीय चुनाव आयोग ने झाड़ू चुनाव चिन्ह नैतिक पार्टी को आवंटित किया था और इसी चुनाव चिन्ह पर उसने विधानसभा चुनाव लड़ा था। ऐसे में आयोग ने चुनाव चिन्ह झाड़ू को आप को क्यों आवंटित कर दिया।
याचिका में मांग की गई कि चूंकि नैतिक पार्टी ने विधानसभा चुनाव में अपने चुनाव चिह्न् झाड़ू को लोगों के बीच प्रचारित प्रसारित किया, इसलिए आगामी लोकसभा चुनाव में झाड़ू चुनाव चिन्ह नैतिक पार्टी को मिले। आप को दूसरा चुनाव चिन्ह दिया जाए।
लेकिन इसके बावजूद दिल्ली विधानसभा चुनावों में आप को चुनाव आयोग ने 'झाड़ू' चुनाव चिन्ह दिया। आप दिल्ली के विधानसभा चुनावों में सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारी थी। गंदगी साफ करने वाली झाड़ू चुनाव चिन्ह मिलने पर आप पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल काफी खुशी जाहिर की थी।