रॉबर्ट वाड्रा की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा वाड्रा की गुड़गांव व एनसीआर में खरीदी गई जमीन का ब्यौरा मांगे जाने पर प्रशासन ने फरीदाबाद, गुड़गांव, मेवात व पलवल में जमीन का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है।
इस बाबत जिला राजस्व अधिकारी गुड़गांव की ओर से सभी तहसीलदारों से वाड्रा की प्रॉपर्टी का ब्यौरा मांगा गया था। उपायुक्त टीएल सत्य प्रकाश का कहना है कि कोई जमीन वाड्रा के नाम न होकर अन्य किसी प्रकार से तो नहीं खरीद-फरोख्त हुई है। इस विषय की भी जांच चल रही है। जांच के बाद ही पूरी जमीन का ब्यौरा तैयार हो पाएगा।
प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन से शिकोहपुर जमीन की हुई खरीद-फरोख्त और म्यूटेशन के उपलब्ध कराए साक्ष्य का ब्यौरा मांगा है। उपलब्ध साक्ष्य को भिजवाने का जिम्मा जिला राजस्व अधिकारी को दिया गया है।
जिला राजस्व अधिकारी पीडी शर्मा ने बताया कि वाड्रा या उनकी कंपनी से जुड़े लोगों के नाम से खरीदी गई प्रॉपर्टी का ब्यौरा तहसीलदारों से मांगा गया है। जिसे जल्द ही मुख्यालय भेज दिया जाएगा।