उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोनी गोल चक्कर के पास 22 जून को कैब चालक से कार और मोबाइल फोन लूटने के मामले में वेलकम थाना पुलिस ने गैंगस्टर हाशिम बाबा के साले मेहताब उर्फ मोनू (29) समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मोनू की निशानदेही पर लूटी गई मारुति अर्टिगा और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में अमन उर्फ बिहारी (22) और मोहम्मद फैसल (23) शामिल हैं।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि 22 जून को संभल (उत्तर प्रदेश) निवासी कैब चालक परवेज ने कार लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। परवेज के अनुसार, वह सवारी का इंतजार कर रहा था, तभी तीन युवक उसके पास आए और लोनी गोल चक्कर चलने की बात कही। रास्ते में आरोपियों ने चालक को बंधक बना लिया और खुद को गैंगस्टर हाशिम बाबा का साला बताते हुए कार व मोबाइल फोन लूटकर भोपुरा की ओर फरार हो गए।
मामला दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसके बाद तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पुलिस ने लूटी गई कार और मोबाइल भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मेहताब उर्फ मोनू के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित पांच आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। तीनों आरोपियों से आगे पूछताछ की जा रही है।