मात्र शराब (क्वार्टर) के पैसे लेने के लिए एक व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। अगले दिन साथी के साथ शव को झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस की गिरफ्त में आए दो आरोपियों ने यह कबूल किया है।
दक्षिण डीसीपी प्रेमनाथ ने बताया कि मंगलवार को वसंत कुंज स्थित बड़ा शक्ति पार्क की झाड़ियों से नारायण बंगाली (35) का शव बरामद हुआ। वह महरौली वार्ड नंबर-दो में रहता था।
तफ्तीश में पता लगा कि नारायण बंगाली को घटना वाली रात संतोष कुमार के साथ देखा गया था। पुलिस ने बुधवार को संतोष को महरौली से पकड़कर पूछताछ की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि उसे नारायण बंगाली से दो क्वार्टर शराब के पैसे लेने थे।
वह दे नहीं रहा था। सोमवार रात को शक्ति पार्कमें बैठकर शराब पीने के दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। उसने अंगोछे से नारायण का गला घोंटकर हत्या कर दी। अगले दिन वह सुबह दोस्त राजेश केसाथ घटनास्थल पर पहुंचा और नारायण बंगाली के शव को झाड़ियों में छिपा दिया। वसंत कुंज(नार्थ) थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।