कुरूक्षेत्र के पीपली में हरियाणा रोडवेज की बस में बृहस्पतिवार को ब्लास्ट के बाद गुड़गांव बस स्टैंड पर बसों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को पुलिस की कई टीमों ने विभिन्न शहरों में जाने वाली बसों की जांच की।
इस दौरान पुलिस ने बस में रखे यात्रियों के सामान को भी चेक किया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार कुरूक्षेत्र के पीपली में रोडवेज बस में हुए धमाके के बाद एहतियात के तौर पर चेकिंग की जा रही है ताकि यात्री सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
गुड़गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गुड़गांव पुलिस की स्वाट टीम बस अड्डा सहित अन्य जगहों पर चेकिंग कर रही है। बृहस्पतिवार के बाद शुक्रवार को भी गुड़गांव पुलिस की स्वाट टीम शहर के विभिन्न जगहों पर पहुंच गई।
शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों शापिंग मॉल्स आदि जगहों पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। यही नहीं संदिग्ध वाहनों पर भी पुलिस की पैनी नजर रही। पुलिस की टीम ने बस अड्डे पर हरियाणा रोडवेज सहित उत्तराखंड परिवहन निगम, डीटीसी की बसों में जांच की। हालांकि इस दौरान पुलिस को कुछ भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने लोगों से अपील की कि कहीं भी संदिग्ध वस्तु दिखे तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें।