गांव की चौधर का सपना देखने वाले लोगों के इंतजार की घड़ियां खत्म हो चुकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की घोषणा कर दी है।
राज्य में तीन चरणों में पंचायत चुनाव कराए जाएंगे। इसमें 10, 17 और 24 जनवरी को चुनाव होंगे। पंचायत चुनाव के लिए जिन लोगों ने पहले नामांकन भरे हैं, उन्हें नामांकन करने की जरूरत नहीं है। पंचायत चुनाव लड़ने के इच्छुक अब चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे उम्मीदवार 23 दिसंबर से अपने नामांकन भर सकते हैं।
फरीदाबाद में पंचायत चुनाव के लिए अभी तक चार हजार से ज्यादा उम्मीदवार नामांकन करा चुके हैं। सरकार की नई गाइडलाइन के अनुसार सभी उम्मीदवारों को शपथ पत्र भरकर देना होगा।
यह शपथ पत्र ही उम्मीदवारों का प्रमाण होगा। शपथ पत्र में दी गई जानकारी में अगर कोई अंतर पाया गया तो ऐसा उम्मीदवार जीवन भर सरपंच नहीं बन पाएगा।
पंचायत चुनाव की तारीख का एलान होते ही ग्रामीण इलाकों में राजनीति गरमा गई। फरीदाबाद में तीसरे चरण के तहत 24 जनवरी को पंचायत चुनाव होंगे। चुनावी घमासान में मुकाबला और कड़ा होना तय माना जा रहा है, क्योंकि नामांकन करने से चूके उम्मीदवारों को सरकार की तरफ से एक और मौका मिल गया है। सितंबर में नामांकन प्रक्रिया के दौरान फरीदाबाद से 4960 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था।
हालांकि, पुराने उम्मीदवारों को दोबारा नामांकन करने की जरूरत नहीं होगी, लेकिन उन्हें शपथ पत्र देना होगा, जिसके तहत झूठे तथ्य पेश करने वाले उम्मीदवारों पर कानूनी कार्रवाई के साथ जिंदगीभर चुनाव लड़ने पर रोक लगाने का प्रावधान किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ये स्पष्ट हो गया है कि हरियाणा के पंचायत चुनाव में अब पढ़े लिखे लोग ही चुनाव लड़ सकेंगे। ऐसे में शैक्षणिक योग्यता की शर्तों पर खरा न उतरने वाले उम्मीदवारों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। हालांकि, फरीदाबाद जिले में चौधराहट की दौड़ में शामिल होने की तैयारी कर रहे तकरीबन पांच हजार उम्मीदवारों में ऐसे चंद ही लोग हैं जिन्हें पंचायत चुनाव की दौड़ से बाहर होना पड़ेगा।
चुनावी कार्यक्रम का एलान होते ही नामांकन कर चुके उम्मीदवारों ने वोटरों को लुभाना शुरू कर दिया है। वहीं, कई लोगों ने पंचायत समिति और सरपंच पद के लिए नामांकन की तैयारी शुरू कर दी है।