हरियाणा बोर्ड की 12वीं की उत्तरपुस्तिका जांच के लिए बल्लभगढ़ में बनाए मूल्यांकन केंद्र पर बोर्ड चेयरमैन टीम एवं नियंत्रक के बीच विवाद हो गया। मूल्यांकन केंद्र ने बोर्ड टीम द्वारा मांगी जानकारी नहीं दी। ऐसे में अब चेयरमैन ने संबंधित के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि इस केंद्र पर गड़बड़ी की आशंका के चलते जानकारी नहीं दी गई।
बल्लभगढ़ स्थित बालक सीनियर सैकंडरी स्कूल में 12 वीं कक्षा का जिले का एकमात्र मार्किंग केंद्र बनाया गया था। जहां पर 27 मार्च से 17 अप्रैल के बीच उत्तरपुस्तिका की मार्किग हुई। 8 अप्रैल को टीम द्वारा मौके पर पहुंच कर आवश्यक जानकारी मांगी गई, जिसे देने से मना कर दिया।
जिस पर टीम ने बोर्ड चेयरमैन को पत्र लिखा। अब बोर्ड चेयरमैन ने जवाब मांगा है कि मूल्यांकन केंद्र पर टीम को भेजने के बाद भी जवाब क्यूं नहीं दिया। जिले में बोर्ड परीक्षा उत्तरपुस्तिका जांच के लिए तीन केंद्र बनाए गए थे। जिसमें बल्लभगढ़ में दो परीक्षा केंद्र थे। टीम ने आरोप लगाया है कि इस केंद्र पर एक व्यक्ति के पास तीन तीन जिम्मेदारी थी।
चेयरमैन टीम संयोजक ने उठाए सवाल
प्रधानाचार्य को लिखे पत्र में सवाल उठाए है यदि आप ही अंकन केन्द्र के नियंत्रक थे तो आपने स्वयं प्रपत्र प्राप्त क्यों नही किया, फिर आपने किसी अन्य व्यक्ति के नाम इस प्रपत्र को मार्क किया। इसका अर्थ है कि नियंत्रक कोई अन्य व्यक्ति है। यदि नियन्त्रक अन्य व्यक्ति है तो क्या आपने आदेश पुस्तिका मे उस व्यक्ति को अधिकृत किया या नहीं। यदि नियंत्रक प्रवक्ता अंग्रेजी है तो ये प्रवक्ता फिर सहायक परीक्षक व फिर जांच सहायक क्यों है। यदि नियंत्रक अनिल कुमार है तो वह टीजीटी है। उनसे सीनियर प्रवक्ता होते हुए यह नियंत्रक क्या हो सकते हैं।
मूल्यांकन केंद्र निरीक्षण के दौरान जानकारी मांगी थी, जिसे देने से मना कर दिया। इस केंद्र पर गड़बड़ी का अंदेशा लगा। जिस पर चेयरमैन को लिखित में अवगत करा दिया है।-आरके मलिक, संयोजक, बोर्ड चेयरमैन टीम
हमें जो जानकारी देनी थी, वह भिवानी बोर्ड को दी है। बोर्ड टीम को हम सारी जानकारी नहीं दे सकते हैं।-सुनील, प्राचार्य, बालक सीनियर सैकंडरी स्कूल
टीम को जांच के लिए भेजा था। नियंत्रक द्वारा जानकारी क्यूं नहीं दी गई, इसका जवाब मांगा गया है। संबंधित के खिलाफ नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जांच जारी है।-डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा बोर्ड