फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा: नूंह में जमकर बरसे राहुल गांधी, कहा- कांग्रेस जोड़ने का काम करती है और आरएसएस तोड़ने का

Mon, 14 Oct 2019 04:18 PM IST
Prachi Priyam न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गुरुग्राम
विज्ञापन
राहुल गांधी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हरियाणा विधानसभा चुनाव सिर पर हैं। इसे लेकर देश भर के राजनेता रणभूमि में उतर चुके हैं और अपनी-अपनी पार्टी के प्रचार में लगे हुए हैं। सोमवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी हरियाणा के नूंह जिले पहुंचे। 

विज्ञापन


गुरुग्राम से सटे नूंह में उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की खट्टर सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आजकल मोदी जी और खट्टर जी के भाषण में केवल झूठे वादे सुनाई देते हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार, किसान कल्याण और रोजगार को लेकर सरकार के पुराने वादों को भी फर्जी करार दिया। 

भाजपा के साथ-साथ राहुल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी हमलावर नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सबकी पार्टी है और देश को जोड़ने का काम करती है। वहीं भाजपा और आरएसएस अंग्रेजों की तरह देश को तोड़ते हैं। उन्होंने कर्नाटक, मध्यप्रदेश और राजस्थान का उदाहरण देते हुए सभा में मौजूद लोगों को आश्वासन दिया कि वो मंच से जो कुछ भी बोल रहे हैं, उसका क्रियान्वयन भी होगा। राहुल ने दावा किया कि हम मंच से जो कहते हैं, उसे कर के भी दिखा देते हैं। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि एक तरफ देश के युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं और दूसरी ओर पीएम मोदी एक के बाद एक झूठे वादे कर रहे हैं। पीएम मोदी के खास रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' पर राहुल ने कहा कि वो हर दसवें दिन मन की बात करते हैं, तो मैंने सोचा कि क्यों न 'काम की बात' कर ली जाए।

मंच से राहुल ने किए ये वादे:

राहुल ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि आज वो जो वादे कर रहे हैं, उन्हें कांग्रेस सरकार जरूर पूरा करेगी। उन्होंने वादा किया कि-
  • गुरुग्राम से अलवर के लिए रेलवे लाइन का निर्माण किया जाएगा।
  • नूंह इंजीनियरिंग कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाएगा।
  • मेवात के महल का निर्माण किया जाएगा।
राहुल ने लोगों से कहा कि भाजपा और आरएसएस सभी को आपस में लड़ाने का काम कर रहे हैं। वो अमीर-गरीब में, हिंदू-मुस्लिम में, हरियाणा-महाराष्ट्र में और ऐसे ही किसी न किसी के बीच फूट डालते हैं, जिसका नतीजा आपको दिख रहा है। 

उन्होंने अर्थव्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि, देश की अर्थव्यवस्था की हालत बिल्कुल कमजोर हो गई है। छोटे, मध्यम और बड़े, सभी उद्योगपतियों का बेड़ा गर्क है। बड़े से बड़ा और छोटे से छोटा उद्योगपति भी नरेंद्र मोदी से नाराज है। 
विज्ञापन

मोदी ने आपकी जेब से लाखों-करोड़ों रुपये निकाल लिए: राहुल गांधी

राहुल ने कहा कि नेटबंदी के दौरान भी देश के लोगों को परेशान किया गया। कालाधन रखने वाला एक भी व्यक्ति लाइन में नहीं खड़ा था, बल्कि देश के किसान, माताएं-बहनें, युवा और आम लोग लंबी-लंबी कतारों में जूझते थे, इसके बावजूद कालाधन वापस नहीं आया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बहाने नरेंद्र मोदी ने आपकी जेब से लाखों करोड़ों रुपये निकाल कर नीरव मोदी और मेहुल चोकसी की जेब में डाल दिए। 

जीएसटी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि आपकी जेब से बचा-खुचा पैसा 'गब्बर सिंह टैक्स' के सहारे निकाल लिया गया। जीएसटी से आम लोगों में से किसी एक को भी फायदा नहीं हुआ। उन्होंने मोदी और खट्टर को लेकर कहा कि अगर वो सच्चे देशभक्त हैं तो देश के गिने-चुने पूंजीपतियों को सारा पैसा क्यों सौंप रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल लोगों के ध्यान को असली मुद्दों से भटकाने का काम करते हैं। 

राहुल ने कहा कि मोदी और खट्टर ऐसे नेता हैं जो गरीबों के बारे में कभी बातें नहीं करते हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि आप नरेंद्र मोदी को केवल ट्रंप और अंबानी के साथ ही देखेंगे, देश के किसानों के साथ नहीं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें