हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 21 अक्तूबर को को होने वाले चुनावों के लिए प्रत्याशियों ने प्रचार तेज कर दिया है। जहां प्रत्याशी गांव-गांव जाकर लोगों को मनाने में लगे हैं, वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपना प्रचार कर लोगों से वोट मांग रहे हैं।
अब प्रत्याशियों ने बड़े नेताओं की रैलियां अपने-अपने क्षेत्र में कराने के लिए तैयारियां करनी शुरू कर दी है। भाजपा तो
14 अक्तूबर को बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव कैली में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के माध्यम से ही पलवल जिले की तीनों सीटों पर अपना प्रचार करने का प्रयास कर रही है।
प्रत्याशी प्रचार के दौरान वोट देने की अपील के साथ-साथ प्रधानमंत्री की रैली में पहुंचने का निमंत्रण भी दे रहे हैं। इसके अलावा भाजपा हथीन और होडल में भी बड़े स्टार प्रचारक लाने के प्रयास में हैं। साथ ही प्रत्याशी पंचायतों को भी संबोधित कर रहे हैं।
वहीं कांग्रेस ने भी नूंह में होने वाले राहुल गांधी की रैली के लिए प्रचार शुरू कर दिया है। चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी जहां कांग्रेस औेर भाजपा प्रत्याशी अपनी-अपनी सरकार में कराए गए विकास कार्यों को गिनवा रहे हैं, वहीं जजपा प्रत्याशी दोनों राजनीतिक दलों के खिलाफ हल्ला बोलते हुए जनता और कर्मचारियों के हुए शोषण की बात कर लोगों को अपने पक्ष में करने का काम कर रहे हैं।