पार्किंग की कमी गुड़गांव की दु:खती रग है। लोगों को मजबूरी में सड़कों पर अपने वाहनों को पार्क करना पड़ता है। यहां मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की बात पिछले कई वर्षों से चल रही है। मगर ऐसा होता नहीं दिख रहा है। सामाजिक संगठनों से लेकर आरडब्ल्यूए तक ने पार्किंग के लिए कई बार आवाज बुलंद की है।
आलम यह है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव सिर पर है, मगर किसी भी राजनीतिक दल या उम्मीदवार के एजेंडे में यह मुद्दा नहीं है। शायद ही गुड़गांव की कोई ऐसी सड़क होगी जहां पर अवैध पार्किंग की समस्या नहीं हो। सार्वजनिक स्थानों पर तो पार्किंग के अभाव में सड़कें ही पार्किंग बन जाती हैं।
किसी को सब्जी मंडी जाना तो भी सड़क पर ही वाहन खड़ा करना पड़ता है। वहीं शहर के सभी सेक्टरों और डीएलएफ जैसे स्थानों पर भी ऐसी ही समस्या देखने को मिल रही है। सदर बाजार में खरीददारी करने वालों को भी सड़क पर ही वाहन खड़ा करना पड़ता है।
गुड़गांव के कॉमर्शियल स्थानों जैसे अपना बाजार, आपका बाजार, सिटी प्लाजा में जाने वालों और दुकानदारों को सड़क पर ही पार्किंग करनी पड़ती है। लोगों की शिकायत है कि दिनों दिन यहां वाहनों की संख्या बढ़ रही है मगर पार्किंग की नहीं। ऐसे में लोगों परेशान होना पड़ता है।
अगर सड़क के किनारे वाहन खड़ा किया जाए तो टो करने वाले उसे उठा लेते हैं। ऐसे में आम आदमी को काफी दिक्कता होती है। डीएलएफ जैसे क्षेत्र में भी ग्रीन बेल्ट और सड़कों पर पार्किंग का दृश्य आम हो गया है। इसकी कमी के कारण है यहां अवैध पार्किंग का धंधा फल फूल रहा है।