‘वोट के लिए कुछ भी करेगा’ इन दिनों फरीदाबाद के दिग्गज नेता हों या फिर टिकट की कतार में लगे कार्यकर्ता। सब यही कर रहे हैं। पांच वर्ष तक जनता की पहुंच से दूर नेताजी अब खुद लोगों के बीच पैठ बनाने के लिए शादी की सालगिरह और बर्थडे पार्टी में पहुंचने लगे हैं।
इसके अलावा वह लोगों की छोटी-छोटी खुशियों का भी ख्याल रख रहे हैं। कॉलोनियों में होने वाले आयोजन हों या फिर विरोध का समर्थन करना वह सबसे आगे हैं। लोगों के निजी आयोजन भी आजकल चुनावी अखाड़ा बन रहे हैं। इसके लिए बाकायदा नेताओं के पीए, उनके खास समर्थक सक्रिय हैं।
कॉलोनियों और सेक्टरों के आयोजनों में भी वोट के लिए नेताजी की जबरदस्ती की घुसपैठ अधिकांश लोगों को पसंद नहीं आ रही। समर्थक लोगों पर दबाव बनाकर उन्हें पार्टियों में तो बुला ले रहे हैं, जहां पहुंचकर नेताजी आयोजन को प्रचार का माध्यम बना रहे हैं। लोगों को मुबारकबाद देकर वह मौजूद लोगों से पार्टी को वोट देने की अपील कर रहे हैं।
प्रचार और वोट बटोरने के लिए विभिन्न कॉलोनियों में रह रहे उनके समर्थक आरडब्ल्यूए पर जोर बना रहे हैं। कालोनियों में होने वाले टीचर्स डे, दो अक्तूबर (गांधी जयंती), दशहरा, रामलीला के कार्यक्रमों के लिए विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने मुख्य अतिथि के लिए एडवांस बुकिंग करा ली है। पूर्व में 15 अगस्त और जन्माष्टमी में भी नेता जी दल बल के साथ पहुंचे और आयोजनों को प्रचार का अड्डा बना दिया। हाल ही में सेक्टर-37 में रामलीला के भूमि पूजन में एक कांग्रेसी नेता पहुंचा था, जो तिगांव विधानसभा सीट से टिकट का दावेदार है।