काफी जददोजहद के बाद प्रदेश के परिवहन मंत्री आफताब अहमद के चाचा जावेद अहमद को गुड़गांव के सोहना से बहुजन समाज पार्टी का टिकट लेने में सफल रहे। बृहस्पतिवार को जारी 16 उम्मीदवारों की सूची में उनका भी नाम शामिल है।
दूसरी तरफ बसपा मेवात और गुड़गांव की प्रमुख सीटों पर उम्मीदवारों को लेकर इस बार भी फैसला नहीं कर पाई। बसपा की ओर से जारी सूची में सोहना से जावेद अहमद के अलावा पटौदी से अजीत सिंह साबरिया का भी नाम है।
जबकि पार्टी ने गुड़गांव के गुड़गांव शहर, बादशाहपुर तथा मेवात के नूंह, फिरोजपुरि झिरका एवं पुन्हाना से इस बार भी उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। इसी तरह इन सीटों से अब तक बीजेपी ने भी उम्मीवार घोषित नहीं किया है। जबकि सोहना सीट को लेकर भी पार्टी में जिच बना हुआ है।
बसपा के गुड़गांव लोकसभा प्रभारी डॉक्टर श्यामलाल की मानें तो जिन सीटों पर अब तक उम्मीदवार नहीं घोषित किए गए हैं उनमें दावेदारों की फेहरिस्त लंबी है।
मेवात की तीनों सीटों पर अधिकतकर वे लोग नजरें गड़ाए हुए हैं, जो फिल्हाल अपनी पार्टी के लिस्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। सोहना सीट पर भी दावेदारों की लंबी बकतार थी। जिनमें इनेलो के बागी पूर्व विधायक सईदा खान का भी नाम था। टिकट मिलने पर जावेद ने अमर उजाला से बातचीत में प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि वह चुनाव जीतने के लिए लड़ेंगे।
उल्लेखनीय है कि इस सीट से परिवहन के छोटे भाई महताब अहमद ने कांग्रेस की टिकट के लिए दावेदारी पेश की हुई। ऐसे में चाजा और भतीजे के बीच मुकाबला होने के नौबत आ सकती है। इस बारे में पूछने पर जावेद अहमद ने कहा कि ऐसी नौबत नहीं आएगी। ऐसी स्थिति आने पर दोनों में से केई अलग हो जाएगा।