13 नवंबर तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। छठ महापर्व नजदीक आते ही दिल्ली में घाटों की तैयारियों के साथ राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। रविवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सह केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार के मुख्य प्रवक्ता सह लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा ने आईटीओ स्थित हाथी घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। दोनों ने 13 नवंबर की शाम तक सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
हर्ष मल्होत्रा ने अधिकारियों से कहा कि पूरी दिल्ली, विशेषकर पूर्वी दिल्ली के छठ घाटों पर सफाई, रोशनी, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं, ताकि व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने राजनीतिक दलों से 14 से 16 नवंबर के बीच दिल्ली में कोई आंदोलन नहीं करने की अपील की। उन्होंने बताया कि भाजपा के पूर्वांचल, महिला और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता घाटों पर सेवा स्वयंसेवक के रूप में तैनात रहेंगे। वहीं, अभय वर्मा ने कहा कि लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र के सभी छठ घाटों को मॉडल घाट के रूप में विकसित करने का प्रयास है।