दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बाद दिल्ली में सबसे बड़ी गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा राजौरी गार्डन के चुनावों में बादल अकाली दल के नेता हरमनजीत सिंह ने लगातार तीसरी जीत हासिल की है।
राजौरी गार्डन सिंह सभा के शनिवार को हुए चुनाव में रात्रि करीब 12 बजे तक नतीजे घोषित किए गए। लगातार दो बार अध्यक्ष पर काबिज हरमन जीत सिंह का मुकाबला मनमोहन सिंह कोछड़ से था। हालांकि चुनाव मैदान में कुल आठ प्रत्याशी थे। बादल अकाली दल भी इन नतीजों से काफी खुश है। पार्टी के वरिष्ठ सदस्य अवतार सिंह हित ने कहा कि इन चुनावों से यह भी साबित हो गया कि साफ छवि के हरमनजीत सिंह पर किसी आरोप का कोई असर नहीं हुआ।
मनमोहन सिंह कोछड़ को 488 मतों से हराया
कुल 6100 के करीब वोटरों में से 3523 ने अपने मतधिकार का प्रयोग किया और हरमन जीत सिंह ने अपने निकटतम प्रत्याशी मनमोहन सिंह कोछड़ को 488 मतों से हराया। हरमनजीत सिंह के अलावा नई टीम में हरबंस सिंह भाटिया वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सतनाम सिंह बजाज उपाध्यक्ष, हरिंदर सिंह महासचिव, गुरतेज सिंह सचिव, मोहन सिंह सहायक सचिव, प्रीत प्रताप सिंह कोषाध्यक्ष, सरबजीत सिंह मथारु स्टोर कीपर शामिल हैं।
डीएसजीपीसी चुनाव पर रोक की सुनवाई आज
अदालत ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीपीसी) की कार्यकारिणी के चुनाव पर लगी रोक हटवाने के लिए दायर आवेदन पर सुनवाई के लिए बुधवार की तारीख तय की है। अदालत ने कमेटी चुनाव पर सदस्य गुरमीत सिंह शंटी की याचिका पर सुनवाई करते हुए रोक लगाई थी।
शंटी का कहना था कि कमेटी के चुनाव 19 फरवरी को होने हैं, लेकिन यह चुनाव पहले कराये जा रहे हैं। कार्यकारिणी सदस्यों के इस्तीफे एजीएम में स्वीकार नहीं किए गए हैं और न ही चुनाव की जानकारी गुरुद्वारा चुनाव निदेशालय को दी गई है। इस याचिका पर कोर्ट ने चुनाव 21 फवरी तक स्थगित कर दिए थे। तीस हजारी अदालत में समीक्षा आवेदन दायर कर हरमीत सिंह कालका, मनजिंदर सिंह सिरसा, कुलवंत सिंह बाठ समेत 30 नेताओं ने कहा है कि 19 जनवरी को आयोजित आम सभा में पदाधिकारियों के इस्तीफे मंजूर कर लिए गए हैं। अब चुनाव कराने की अनुमति दी जाए। आवेदन में कहा गया है कि कमेटी के स्कूलों एवं कॉलेजों में प्रवेश चल रहे हैं, लेकिन अब कोई कार्यकारिणी नहीं है। इससे निर्णय लेने में दिक्कत होगी। इन सारे कामों को सुचारु करने के लिए चुनाव जरूरी हैं। इसलिए चुनाव कराने की अनुमति दी जाए।