हापुड़ पुलिस ने जारी किए आरोपियों के स्केच
- फोटो : अमर उजाला
बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी पिछले पांच दिन से पुलिस को चकमा दे रहा। ऐसे में पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए अपनी रणनीति में कुछ बदलाव किया है। पुलिस ने अब आरोपी की पहचान और फोटो उजागर कर दिए हैं। जंगलों से पुलिस बल और बाकी तामझाम हटाकर सोशल मीडिया और दूसरे खबरी तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश शुरू की गई है। हालांकि पुलिसकर्मी सादी वर्दी में बाइकों के माध्यम से जंगलों में कॉबिंग जरूर कर रहे हैं।
मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाने वाले की पहचान गजरौला थाने के गांव महमूदपुर सुल्तानठेर निवासी दलपत पुत्र रोहताश के रूप में हुई है। पिछले पांच दिनों से आरोपी पुलिस के साथ चूहे बिल्ली का खेल खेल रहा है। सोमवार को आईजी की तरफ से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित करने के बाद पुलिस ने अपनी रणनीति में भी बदलाव कर दिया है।
अभी तक पुलिस पूरे दल बल और तामझाम के साथ जंगलों की खाक छान रही थी, लेकिन अब जंगलों से अधिकतर फोर्स हटा दी गई है। इनाम घोषित होने के बाद पुलिस चाहती है कि आरोपी छिपे हुए स्थान से बाहर निकले और लोगों तक पहुंचे। ऐसे में पुलिस ने अपने मुखबिर और खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया है।
पुलिस सादी वर्दी में आरोपी की बाइक आदि से तलाश में जुटी है। इनाम के संबंध में जानकारी और आरोपी के फोटो भी जारी करते हुए उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। कुल मिलाकर पुलिस अभी भी आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
एएसपी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी की पहचान उजागर होने के बाद उसके संबंध में कुछ ठोस सुराग मिले हैं। अब आरोपी अधिक देर तक पकड़ से दूर नहीं रह सकता, उसे जल्द की गिरफ्तार कर लिया जाएगा।