मध्य प्रदेश में बैठकर तीन हैकरों ने नोएडा के एक सर्जन के दो लाख रुपये उड़ा लिए। नोएडा साइबर सेल ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार को एसपी क्राइम सुनीता सिंह ने साइबर सेल के दफ्तर में एक प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
एसपी क्राइम के अनुसार पी ब्लॉक सेक्टर-21 जलवायु विहार निवासी डॉ. आशुतोष उपाध्याय का सेक्टर-18 में आईसीआईसीआई बैंक में खाता है।
हैकरों ने 19 दिसंबर को नेट बैंकिंग के जरिये खाते से दो लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिया। पीड़ित ने घटना की सूचना थाना सेक्टर-20 को दी। इस दौरान पीड़ित के पास एक नंबर से कॉल आई। कॉल करनेवाला खुद को बैंक का अधिकारी बता रहा था।
जिसके बाद साइबर सेल ने तफ्तीश कर सुहास तिवारी, होसंगाबाद, मध्यप्रदेश और रामसिंह उर्फ राजवीर निवासी भोपाल को गिरफ्तार कर लिया। विवेचक अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित के बैंक खाते की जानकारी जुटाकर आरोपियों ने उनके खाते से दो लाख रुपये उड़ा लिए।
तीनों ने करीब 87 हजार रुपये निकालकर आपस में बांट लिए। तीनों ने 25 हजार रुपये के तीन सोने के सिक्के भी खरीदे थे। पुलिस ने आरोपियों से चार मोबाइल, तीन वोटर आईडी और एक पैन कार्ड बरामद किया है।
मुंबई से भेजा था सिम
तीसरे फरार आरोपी शिवेंद्र ने मुंबई से कुछ सिमकार्ड दोनों आरोपी को भेजे थे। जिनका उपयोग इस धोखाधड़ी में किया गया। पुलिस के अनुसार शिवेंद्र इससे पहले भी धोखाधड़ी के एक मामले में लखनऊ पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका है।