बवाना इलाके में सोमवार सुबह एक युवक ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस युवक के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की शिनाख्त प्रवीण(22) के रूप में हुई है। वह परिजनों के साथ कटेवड़ा गांव में रहता था। सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि प्रवीण ने खुद को गोली मार ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि प्रवीण ने अपनी कनपटी में पिस्टल से गोली मारी थी और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
जांच में पता चला कि प्रवीण बेरोजगार था। परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि सुबह कमरे से गोली चलने की आवाज सुनकर उनलोगों को घटना के बारे में जानकारी मिली। प्रवीण ने अपने परिजनों को कभी भी अपनी परेशानी के बारे में कुछ नहीं बताया था।
घटना से उसके परिवार वाले भी अचंभित है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों व उसके दोस्तों से पूछताछ कर खुदकुशी करने के कारणों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रवीण को हथियार किसने मुहैया करवाया था।