केके राव गुरुग्राम पुलिस आयुक्त
- फोटो : amar ujala
गुरुग्राम में महिला के साथ दुष्कर्म के एक मामले में आरोपियों के परिजनों ने पीड़िता व उसके परिजनों को फोन करके मामला वापस लेने का दबाव बनाते हुए धमकी दी है। पीड़िता के परिजनों ने साक्ष्यों के साथ गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर केके राव से मामले की शिकायत करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।
उक्त मामले में दिल्ली के द्वारका थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कर गुरुग्राम पुलिस को रिपोर्ट भेजी गई थी। दिल्ली के उत्तम नगर की रहने वाली एक 36 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह एक निजी बैंक में काम करती है।
उसकी पहचान हरियाणा पुलिस में तैनात एक हवलदार से थी। हवलदार ने साल 2017 के बाद से महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया था और बाद में धमकी दे रहा था। बाद में महिला ने परेशान होकर दिल्ली पुलिस को शिकायत दी थी, जिसे बाद में गुरुग्राम पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया था।
अब आरोपी पक्ष पीड़िता व उसके परिजनों को मामला वापस लेने समेत अन्य तरह से धमका रहा है। पीड़िता ने गुरुग्राम पुलिस से इसकी शिकायत करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है।