सेक्टर-37 सी स्थित नारायणा टेक्नो स्कूल में शिक्षिका द्वारा दो बच्चों के मुंह पर टेप लगाने के मामले में शिक्षा विभाग ने मंगलवार को भी स्कूल का निरीक्षण किया और तैयार रिपोर्ट में हस्ताक्षर करवाए। रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल प्रिंसिपल ने मुंह पर टेप चिपकाने वाली शिक्षिका दीक्षा कोहली को निलंबित करने का दावा किया था, लेकिन सोमवार को शिक्षा विभाग की टीम जब स्कूल पहुंची तो उसकी उपस्थिति स्कूल रजिस्टर में दर्ज थी। जांच में यह भी सामने आया है कि स्कूल को आठवीं कक्षा तक ही मान्यता मिली हुई है, लेकिन 9वीं की भी कक्षा चल रही है।
निरीक्षण के दौरान पाई गई कई खामियों को देखते हुए विभाग ने रिपोर्ट में स्कूल पर नियम के तहत कार्रवाई करने की बात लिखी है। रिपोर्ट को जिला उपायुक्त विनय प्रताप और चंडीगढ़ शिक्षा मुख्यालय भेज दिया गया है। अब आगे की कार्रवाई चंडीगढ़ से रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी। मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रेमलता यादव ने कहा कि स्कूल प्रबंधन की खामी निकल कर आई हैं। रिपोर्ट में स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई करने की सिफारिश की गई है।