गुरुग्राम के भोंडसी स्थित भूपसिंह नगर में धुलंडी (फाग) के दिन दो समुदायों के बीच हुई मारपीट मामले में नया मोड़ आ गया है। अभियुक्त राजकुमार ने इस मामले में बयान देते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
राजकुमार का कहना है, 'घटना के दिन मैं बाइक पर जा रहा था, तभी एक गेंद आकर मुझे लगी। जब मैंने इस पर आपत्ति जताई तो वहां खेल रहे लोगों ने मुझे पीटना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद मैं अस्पताल में भर्ती था और जब मुझे पता चला कि मेरे खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, तो मैं अस्पताल से चला गया।'
यह था मामला
होली पर भोंडसी स्थित भूपसिंह कॉलोनी में क्रिकेट खेलने के दौरान दो समुदायों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें एक समुदाय के लोगों ने समुदाय विशेष के घर में घुसकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला बोल दिया। खूनी संघर्ष में साजिद, दिलशाद, इरशाद, शहबाज, आबिद, साबुद्दीन, नरगिस, अकीला, मुस्कान व समीना समेत दूसरे गुट के तीन लोगों को मिलाकर 16 लोग घायल हो गए, इनमें तीन गंभीर रूप से जख्मी हुए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।