गुरुग्राम में एक साल पहले पुलिस टीम पर फायरिंग करने, हथियार दिखाकर लूटपाट व हत्या के प्रयास के वांछित अपराधी को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपराध शाखा सोहना की पकड़ में आए बदमाश से पूछताछ में चार आपराधिक वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, 20 जून 2018 को सोहना चुंगी नंबर-1 के पास नाकाबंदी पर पुलिस टीम को देखकर फायरिंग की गई थी। जवाबी कार्रवाई करते हुए सोहना पुलिस टीम ने आरोपी नूंह के गांव टांई निवासी सलीम पुत्र इलाहीबक्श के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
आरोपी के खिलाफ बीते छह सालों में हथियार दिखाकर लूटपाट व हत्या के प्रयास का संगीन मामला भी दर्ज है। इसे लेकर जिला अदालत ने आरोपी को वांछित घोषित कर दिया था।
बृहस्पतिवार देररात को अपराध शाखा सोहना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सोहना कोर्ट के पास से आरोपी को दबोच लिया। एसीपी क्राइम शमशेर सिंह के मुताबिक आरोपी से कई और आपराधिक मामलों को लेकर पूछताछ की जा रही है।