राइडिंग कंपनी ओला ने हरियाणा सरकार के साथ बातचीत कर सोमवार को ‘ओला इमरजेंसी एप’ लांच किया, जिसकी मदद से जरूरतमंदों को अनिवार्य चिकित्सा यात्राओं की सुविधा दी जाएगी। जिले में यह एप जरूरत के मुताबिक मरीजों व चिकित्सकों को सुविधाजनक, विश्वसनीय और सुरक्षित परिवहन सेवा प्रदान करेगा।
ओला के प्रवक्ता आनंद सुब्रमण्यम ने बताया कि एप सोमवार से ही जिले में उपलब्ध है। इसके जरिए बुक होने वाली कारों में मास्क व सैनिटाइजर समेत कोरोना से बचाव के सारे संसाधन मौजूद हैं और इन कारों को विशेष रूप से प्रशिक्षित ड्राइवर ही चलाएंगे। लोग ओला इमरजेंसी कैटेगरी को सिलेक्ट कर अपने एप से कैब बुक कर सकते हैं और शहर के अस्पतालों की सूची से अपना ड्रॉप लोकेशन एंटर कर सकते हैं।
दस क्लस्टरों में बांटा जिला
जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य जांच और कोरोना संक्रमितों की पहचान के लिए जिले को 10 क्लस्टरों में बांटा है। आठ क्लस्टर शहरी क्षेत्र और दो क्लस्टर पटौदी व घेंगोला में बनाए गए हैं। घेंगोला क्लस्टर में रायपुर गांव को शामिल किया गया है। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमितों की पहचान के लिए आशा और आंगनबाड़ी वर्करों की टीमें बनाई गई हैं।