कथित तौर पर पत्नी के अवैध संबंधों से तनावग्रस्त मेदांता अस्पताल के चिकित्सक ने शनिवार दोपहर करीब दो बजे जहरीला इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों ने चिकित्सक को उनके घर में बेसुध हालत में देखा, तो अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने डॉक्टर की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि मूलरूप से राजस्थान के भिवाड़ी निवासी मनुज सोढी (47) मेदांता अस्पताल में चिकित्सक थे और उनकी ड्यूटी आईसीयू में थी।
उन्होंने 22 साल पहले मोनिका से प्रेम विवाह किया था और गुरुग्राम के ऑर्किड पेटल सोसाइटी, सेक्टर-49 में रहते थे। घटना के वक्त मनुज घर में अकेले ही थे। प्रारंभिक जांच में जहरीला इंजेक्शन लगाने की बात सामने आई है। जांच के दौरान उनके शव के पास खाली सीरिंज मिली है, जिसे जांच के लिए एफएसएल लैब भेजा गया है।
सूचना मिलने पर भिवाड़ी से पहुंचे मृतक के पिता विनोद सोढी ने बताया कि मनुज की पत्नी गुरुग्राम के नामी स्कूल में अध्यापिका है। मनुज ने उन्हें बताया था कि तीन साल से उनकी पत्नी का किसी के साथ अफेयर चल रहा है। इससे वह तनाव में था। सेक्टर-50 थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल शिकायत लेकर मामले की जांच की जा रही है।
सितंबर में भी की थी आत्महत्या की कोशिश
विनोद सोढ़ी ने बताया कि पत्नी के अफेयर से मनुज इतना परेशान था कि उसने सितंबर में भी आत्महत्या का प्रयास किया था। मनुज ने घर में रखी गोलियां खा ली थीं। उसे मेदांता में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज किया गया।