मास्क के उपयोग को लेकर बरती गई लापरवाही सूबे के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर भारी पड़ गई और वह भी अब कोरोना संक्रमित हो गए हैं। हालांकि, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला में कोरोना के कोई लक्षण नहीं हैं। यही वजह है कि अस्पताल में भर्ती होने की बजाय वह सेल्फ क्वारंटीन हैं।
उपमुख्यमंत्री ने मंगलवार को खुद ही वीडियो जारी कर खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी। मालूम हो कि मास्क के उपयोग को लेकर उपमुख्यमंत्री ज्यादा गंभीर नजर नहीं आ रहे थे। वह 26 सितंबर को गुरुग्राम आगमन के दौरान भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित मीटिंग के दौरान बिना मास्क के नजर आए थे।
मास्क के उपयोग को लेकर उपमुख्यमंत्री की लापरवाही पर अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। कोविड प्रोटोकॉल के पालन को लेकर डिप्टी सीएम का रवैया पहले भी लापरवाही भरा रहा है। लगता है कि यही लापरवाही अब उन पर भारी पड़ गई है।
इसके अलावा वह दो दिन बाद फिर गुरुग्राम आए। इस दौरान वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले थे। लिहाजा उस दौरान वह कोरोना संक्रमित होंगे तो जिले के कई अधिकारियों एवं जजपा नेताओं के भी संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है।