ओमबीर का अपने भाई व बहन से विवाद है जिसके कारण उनकी आपस में बोलचाल नहीं है। वर्तमान में ओमबीर सोहना के हरि नगर में रह रहा है जबकि राहुल अपनी पत्नी मोनिका के साथ गांव रिठौज में रहता है।
ओमबीर बेटे राहुल को भी अपनी बुआ से बात करने से मना करता था, लेकिन वह नहीं माना, जिससे ओमबीर व बाला काफी गुस्सा हो गए थे। आरोप है कि कुछ समय पहले राहुल की मोनिका से शादी हो गई।
ओमबीर मोनिका के परिजनों को दहेज के लिए परेशान करने लगा था, जिसका राहुल ने विरोध किया। इससे ओमबीर और अधिक गुस्सा हो गया।
सोमवार सुबह राहुल व मोनिका बासौड़ा पूजन करने के लिए गांव के चौराहे पर गए थे। वापस लौटे तो पाया कि ओमबीर व बाला उसके घर में मौजूद हैं। घर पहुंचते ही ओमबीर व बाला ने मोनिका व राहुल से मारपीट करते हुए दोनों पर तलवार से कई वार किए।
घटना में राहुल व मोनिका लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। घटना का शोर सुनकर पड़ोसी बाहर आए तो आरोपी वारदात स्थल से फरार हो गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाते हुए घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि घायलों की हालत गंभीर है।