गुरुग्राम में एक युवक को पांच लाख का लोन देने के नाम पर साढ़े चार लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-5 निवासी चंद्रपकाश बीते साल अपना कारोबार शुरू करने के लिए पांच लाख के लोन के लिए बैंकों के चक्कर काट रहा था। इसी दौरान 17 अक्तूबर 2018 को युवक के मोबाइल पर किसी मंजीत नामक शख्स ने कॉल किया। उसने बताया कि वह आसान किश्तों में लोन दिला देगा, लेकिन लोन की पहली किश्त उसे देनी होगी।
चंद्रप्रकाश ने इस पर सहमति जाहिर करते हुए पांच लाख के लोन पर प्रक्रिया शुरू कर दी। आरोपी ने बताया कि पांच लाख के लोन के लिए 8333 रुपये की 60 किश्तें बनेंगी। बातचीत के आधार पर पीड़ित ने लोन की पहली किश्त आरोपी के खाते में जमा करा दी।
इसके बाद गंगाधर नामक युवक ने कॉल करके बताया कि लोन की प्रक्रिया शुरू हो गई है इसमें प्रोसेसिंग फीस के रूप में एक लाख की राशि जमा करानी होगी। पीड़ित ने 22 अक्तूबर को यह राशि भी जमा करा दी। आरोपी ने फिर कॉल करते हुए बताया कि उसे एक लाख की राशि और जमा करानी होगी जो लेजर अकाउंट के माध्यम से लोन की राशि के साथ वापस मिल जाएगी।
इसी तरह आरोपियों के अलग-अलग बहानों पर पीड़ित ने साढ़े चार लाख रुपये बैंक खाते में जमा करा दिए, इसके बाद भी जब लोन पास नहीं हुआ तो पीड़ित को शक हुआ। उसने आरोपियों को कॉल कर के जानकारी लेना चाहा तो उन्होंने फोन बंद कर दिया।
पीड़ित ने इसके बाद साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपी के बैंक खाते की डिटेल खंगाली जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।