मारुति कंपनी के आईएमटी मानेसर स्थित प्लांट पर तैनात 17 सुरक्षाकर्मी होम क्वारंटीन से फरार हो गए। स्वास्थ्य विभाग ने 17 जून को सुरक्षाकर्मियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने पर इन्हें होम क्वारंटीन किया था। मेडिकल टीम के निरीक्षण पर जब सभी के फरार होने की सूचना मिली तो हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग ने सभी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करा दी है।
पुलिस उपायुक्त (मानेसर) दीपक सहारण ने बताया फरार सुरक्षाकर्मियों का ब्यौरा जुटाया जा रहा है। सभी के मोबाइल सर्विलांस पर लगा दिए गए है। जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
आईएमटी मानेसर स्थित मारुति कंपनी के प्लांट पर सिक्योरिटी कंपनी एसआईएस को सुरक्षा का जिम्मा दिया हुआ है। 17 जून को कंपनी की ओर से कराए गए कोरोना टेस्ट में 17 सुरक्षाकर्मी संक्रमित पाए गए थे। सुरक्षाकर्मियों में कोई लक्षण नहीं मिलने पर सिक्योरिटी कंपनी मैनेजर विक्रम बख्शी ने स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी और विभाग के निर्देश पर सभी 17 लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया गया था। अगले दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम जब होम क्वारंटीन किए गए सुरक्षाकर्मियों के पते पर पहुंची तो जानकारी मिली कि सभी यहां से फरार हो गए हैं। संक्रमित मरीजों के फरार होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग व सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
इस बारें में सिक्योरिटी कंपनी प्रबंधक भी कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाए। इसके बाद भांगरौला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य अधिकारी की शिकायत पर सभी 17 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं मारुति कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि जो व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, वे मारुति सुजुकी के कर्मचारी नहीं हैं। वे मारुति सुजुकी के साथ प्रतिनियुक्त / अनुबंधित कर्मचारी हैं। कंपनी सभी सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन कर रही है और जहां भी आवश्यक हो सभी सहायता और सहयोग के लिए तैयार है।