जीएमडीए के सीईओ ने सड़क निरीक्षण के दौरान दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने बृहस्पतिवार को शहर की प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क, जल निकासी, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। इस दौरान राव गजराज सिंह मार्ग, सुशी आइमा मार्ग, कृष्णा चौक से रेजांगला चौक और पालम विहार की सड़कों का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली की तर्ज पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के निर्देश दिए, जिससे पैदल यात्रियों को सुविधा मिले और यातायात बेहतर हो।
राव गजराज सिंह मार्ग पर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए गए। पीसी मीणा ने बरसात में जलभराव वाले हिस्से को आरसीसी बनाने को कहा। उन्होंने जल निकासी विकसित कर उसे लेग-1 ड्रेन से जोड़ने और सड़क के सुंदरीकरण के भी निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुरानी दिल्ली रोड का ऊंचा स्तर बारिश में जलभराव का कारण बनता है। इससे सड़क क्षतिग्रस्त होती है और यातायात भी प्रभावित होता है।
सेक्टर-22 और 23 की डिवाइडिंग रोड (सुशी आइमा मार्ग) के निरीक्षण के दौरान मेट्रो संरेखण पर चर्चा हुई। अधिकारियों को मेट्रो प्राधिकरण के साथ बैठक कर अधिक से अधिक पेड़ बचाने का प्रयास करने को कहा गया। इस मार्ग पर पेयजल पाइप लाइन में रिसाव से करीब 40 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी, जिसे अब ठीक कर दिया गया है।
पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं
कृष्णा चौक से रेजांगला चौक मार्ग पर बरसाती पानी की नाली के कार्य का जायजा लिया गया। अधिकारियों को नाली निर्माण में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सर्विस लेन की मरम्मत के साथ-साथ पैदल यात्रियों के लिए डिवाइडर ग्रिल में रास्ता छोड़ने को कहा गया। पीसी मीणा ने रेजांगला चौक के बाद पालम विहार सड़क का भी निरीक्षण किया। यहां सड़क की स्थिति संतोषजनक पाई गई। उन्होंने फुटपाथ की मरम्मत, डिवाइडर से घास हटाने और यातायात द्वीप की मरम्मत के निर्देश दिए। यातायात द्वीप पर रिफ्लेक्टर लगाने और सड़क के सुंदरीकरण पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा और उपमंडल अधिकारी दलीप यादव मौजूद रहे।