युवा दिवस विशेष - नए विचारों और मेहनत से समाज में बदलाव की मिसाल बन रहे युवा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आज का युवा केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने नए विचारों और मेहनत से समाज में बदलाव की मिसाल बन रहा है। युवा दिवस के अवसर पर ऐसे ही कई युवा सामने आ रहे हैं, जो अपने क्षेत्र में कुछ अलग कर अपनी पहचान बना रहे हैं। वहीं, कई युवा खेल, कला और संस्कृति के जरिये क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
अपने क्षेत्र की पहचान और विरासत पर गर्व
भोपाल में आयोजित ड्रैगन बोट प्रतियोगिता में रनर-अप ट्रॉफी जीतना उनके लिए गर्व का पल है। उन्होंने बताया कि इस सफलता के पीछे लगातार अभ्यास, अनुशासन और पूरी टीम की मेहनत है। -चितिज कुमार
राष्ट्रीय जू-जित्सु चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर वर्ल्ड चैंपियनशिप का टिकट मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। यह सफलता लगातार मेहनत, अनुशासन और कोच के मार्गदर्शन से मिली है। - टीपू यादव, जू-जित्सु खिलाड़ी
हिंदी को मैं अपनी पहचान, संस्कृति और आत्मगौरव का आधार मानता हूं। युवा दिवस जैसे अवसर हमें यह याद दिलाते हैं कि आज का युवा आधुनिक तकनीक, सोशल मीडिया, लेखन और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से हिंदी को सशक्त, लोकप्रिय और जीवंत बना रहा है। - राम प्रताप, विद्यार्थी
हरियाणवी संस्कृति और लोककलाओं का हिस्सा बनकर मुझे अपने क्षेत्र की पहचान और विरासत पर गर्व महसूस होता है। नृत्य सिर्फ कला नहीं, हमारी परंपरा और भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम है। मैं आगे और बेहतर प्रदर्शन कर हरियाणा की संस्कृति, अपने क्षेत्र और देश का नाम रोशन करना चाहता हूं। - विनय, हरियाणवी डांसर