सरकारी स्कूल में युवक की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार की सुबह राजकीय माध्यमिक स्कूल हेलीमंडी में युवक की हत्या कर दी गई। शिक्षक और अन्य स्टाफ जब स्कूल पहुंचे तो उन्हें एक युवक को खून से लथपथ पड़ा मिला। फर्श पर भी काफी खून फैला हुआ था। युवक को लहूलुहान हालत में देखकर शिक्षक घबरा गए। स्कूल के प्राइमरी हेड ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को कब्जे में लिया।
बताया जा रहा है कि कोई भारी वस्तु सिर पर मारकर युवक की हत्या की गई है। फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड टीम मौके पर बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण करवाया। मृतक युवक की पहचान युवक रवि के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 22 साल है। वह उत्तर प्रदेश के ललितपुर का रहने वाला है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची। सबसे पहले पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लिया। इसके बाद स्कूल परिसर को सील कर दिया, जहां लाश मिली थी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के एरिया में जांच शुरू की।
पुलिस ने शिक्षक और स्टाफ से मामले की जानकारी ली। मृतक युवक उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले का रहने वाला था। युवक की पहचान होते ही पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रवि कल रात से लापता था। सुबह पुलिस ने उन्हें हत्या की जानकारी दी। रवि अविवाहित था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक रवि अभी काम की तलाश कर रहा था। परिवार के साथ हेलीमंडी एरिया में किराये के मकान में रहता था। उसके पिता की कई साल पहले ही मौत हो चुकी है। घटनास्थल पर पुलिस को शराब की खाली बोतल और कुछ नमकीन के पैकेट भी मिले हैं। युवक रवि जींस और टीशर्ट पहने हुए था। वह यहां कैसे आया, किसके साथ आया और कब आया, इन सवालों के जवाब के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। पुलिस को आशंका है कि रात के समय किसी ने उसको स्कूल में बुलाया और बेरहमी से हत्या कर दी। हालांकि अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।