- सेक्टर-83 में हादसा, चालक को जांच में शामिल कर जमानत पर छोड़ा
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र के सेक्टर-83 में 18 अगस्त की दोपहर तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई अमित की शिकायत पर पुलिस ने बस चालक रहीस के खिलाफ हादसे में मौत से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है। मृतक की पहचान सोनीपत के बढ़मलिक गांव निवासी बादल के रूप में हुई है। अमित ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-83 स्थित वाटिका ढाणी में किराये पर रहता है और चाबी बनाने की दुकान चलाता है। बादल भी उसके साथ काम करता था। 18 अगस्त दोपहर करीब 1:30 बजे बादल स्कूटी से खाना लेने जा रहा था। दुकान के सामने मुख्य सड़क पर पहुंचते ही पीछे से आई निजी स्कूल बस ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बादल सड़क पर गिर गया और बस का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। अमित ने राहगीरों की मदद से उसे सेक्टर-90 स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार स्कूल की छुट्टी के बाद बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। हादसे के समय बस में बच्चे भी सवार थे। बाद में उन्हें दूसरे वाहन से सुरक्षित घर पहुंचाया गया।
कोट- शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। बस चालक रहीस को जांच में शामिल कर जमानत पर छोड़ दिया गया है। बस को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। मामले में जांच जारी है। -प्रदीप कुमार, जांच अधिकारी, खेड़कीदौला थाना