गुरुग्राम। सोहना सिटी थाना क्षेत्र में चिल्ड पॉइंट के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक राहगीर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। मृत युवक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। हेड कांस्टेबल मनबीर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोहना सिटी थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस मृत युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हेड कांस्टेबल मनबीर ने बताया कि 22 दिसंबर की रात को करीब 30 वर्षीय एक युवक की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद सोहना के नागरिक अस्पताल में भर्ती होने सूचना मिली थी। जब वे अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि घायल को गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में रेफर किया गया है। जब वे गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल पहुंचे तो हादसे में लगी चोटों के कारण युवक की मौत हो गई थी। जांच अधिकारी सुखबीर ने बताया कि मृत युवक की पहचान कराने के लिए आसपास जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमराें की फुटेज खंगालकर युवक को टक्कर मारने वाले वाहन की भी पहचान की जाएगी। ब्यूरो