निशित कटारिया ने कहा-हरियाणा में नायब नहीं गायब सरकार चल रही
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यूथ कांग्रेस ने पीएम मोदी के जन्मदिन को राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाया। यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में जिला यूथ कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने पकौड़ा स्टॉल लगाकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बुधवार दोपहर सेक्टर-44 स्थित जीएमडीए कार्यालय के पास समर्थकों के साथ पकौड़े तले और बेरोजगार युवाओं को खिलाए। भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। इस दौरान कटारिया ने प्रदेश की नायब सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा में नायब नहीं गायब सरकार चल रही है।
प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा सरकार की असफल नीतियों ने युवाओं को रोजगार के बजाय पकौड़े तलने पर मजबूर कर दिया है। हरियाणा में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस व अन्य विभागों में एक लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां रिक्त पड़ी हुई हैं लेकिन भर्तियां नहीं हो रही हैं। सरकार ने अभी तक सीईटी का रिजल्ट तक घोषित नहीं किया। पीएम मोदी ने हर साल देश के युवाओं को दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था लेकिन यह वादा एक भी साल पूरा नहीं हो पाया।