संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके से चोरी की गई बाइक के साथ पुन्हाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव जाडोली निवासी मुदस्सिर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से बाइक बरामद कर उसे कब्जे में ले लिया है। साथ ही उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, एवीटी स्टाफ की टीम शहर के लुहिंगा मोड़ के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की बाइक पुलिस टीम की नजर में आई। पुलिस ने बाइक चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस ने जब बाइक के कागजात मांगे तो युवक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद साइबर सेल की मदद से बाइक के बारे में जानकारी ली गई तो पता चला कि यह बाइक दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके से चोरी की गई थी। मामले की पुष्टि होने पर आरोपी मुदस्सिर को हिरासत में लेकर थाना सिटी पुन्हाना में मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है। संभावना जताई जा रही है कि उसके अन्य चोरी के मामलों से भी संबंध हो सकते हैं।