ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित भर्ती के दस्तावेज़ सत्यापन (डीवी) और शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) के दौरान एक अभ्यर्थी फर्जी प्रमाण पत्र के साथ पकड़ा गया। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
गुरुवार को पुलिस लाइन के आदर्श बैरक में भर्ती प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान इस्माइल खान निवासी फराना थाना खुर्जा देहात बुलंदशहर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया। जांच के दौरान प्रमाण पत्र पर जिलाधिकारी बुलंदशहर का नाम लिखा था, लेकिन उस पर कोई हस्ताक्षर नहीं था, जिससे संदेह उत्पन्न हुआ। जब पुलिस अधिकारियों ने सख्ती से पूछताछ की तो इस्माइल ने स्वीकार किया कि उसने खुद ही फर्जी मोहर बनवाकर प्रमाण पत्र तैयार किया था। उसका उद्देश्य जाली प्रमाण पत्र के जरिए आरक्षण का लाभ लेकर पुलिस भर्ती में चयन पाना था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से जाली प्रमाण पत्र बरामद कर लिया है। कोतवाली प्रभारी अनिल पांडेय का कहना है कि उपनिरीक्षक की शिकायत पर जांच की जा रही है। ब्यूरो