अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली की रहने वाली एक युवती से गुरुग्राम में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि परिचित युवक उसे सेक्टर-50 इलाके में बहाने से लेकर गया और दुष्कर्म किया। महिला थाना ईस्ट पुलिस ने मामले में बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार शिकायत देने वाली युवती ने बताया कि एक युवक से कुछ महीने पहले उसकी जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि उनमें अक्सर बातें होने लगी और फिर युवक ने प्यार का इजहार किया। आरोपी ने बहाने से युवती को आठ जून को गुरुग्राम बुलाया। युवती आरोपी के बुलावे पर गुरुग्राम आ गई। आरोप है कि सेक्टर-50 इलाके में एक मकान में आरोपी लेकर गया। यहां कुछ देर तक बातचीत के बाद आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती डरी-सहमी हालत में किसी तरह अपने घर पहुंची। अब हिम्मत जुटाकर उसने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। युवती के बयान दर्ज कराए गए हैं। टीम आरोपी की तलाश कर रही है।