दिल्ली-जयपुर हाईवे के किनारे स्विफ्ट में चालक की सीट पर मृत मिला दीपक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस रोड पर खड़ी स्विफ्ट कार सवार युवक की गोली मारकर सोमवार को हत्या कर दी गई। मृतक दीपक (35) सिधरावली गांव का निवासी था और रविवार रात घर से निकला था। दीपक पर भी हत्या, हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों में कुल आठ प्राथमिकी दर्ज थे। फिलहाल किसी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मामला सोमवार सुबह करीब आठ बजे सामने आया। कार के शीशे टूटे थे, खिड़कियों पर गोलियों के निशान थे। मौके पर पहुंची बिलासपुर, पटौदी थाना की पुलिस के अनुसार, मामले में दीपक के चाचा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दीपक रविवार रात अपनी कार लेकर कहीं गया था। सूचना मिलने पर मौके पर जाकर देखा तो दीपक कार में मृत पड़े थे। शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने हत्या समेत आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। दीपक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया।
एसीपी पटौदी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अपराध शाखा सहित विभिन्न टीमें गठित की हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।