दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित नाहरपुर रूपा अंडरपास के पास हुई घटना
बाइक पर रखी पर्ची में लिखा था माता-पिता का नंबर और घर का पता
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर रविवार दोपहर नाहरपुर रूपा अंडरपास के पास एक युवक ने कैंटर के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हीरा नगर निवासी हरीश कुमार के रूप में हुई है। वह मानेसर स्थित एक कंपनी में काम करता था। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।
पुलिस को घटनास्थल के पास खड़ी हरीश की बाइक से एक पर्ची मिली है। इसमें उसने अपने माता-पिता का मोबाइल नंबर और घर का पता लिखा था। पिता नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि हरीश का किसी से कोई झगड़ा नहीं था। वह किसी काम से घर से निकला था। पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर हरीश ने बाइक हाईवे किनारे खड़ी की, थोड़ा आगे गया और दिल्ली की तरफ से आ रहे कैंटर के सामने छलांग लगा दी। कैंटर चालक जब तक कुछ समझ पाता, तब तक हादसा हो चुका था।
पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि परिजन और कंपनी के कर्मी से जानकारी ली जा रही है। फिलहाल किसी विवाद या तनाव के बारे में पता नहीं चला है। पास के पेट्रोल पंप की फुटेज खंगाली जा रही है।