वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, दो भाइयों समेत चार पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। थाना मोहम्मदपुर अहिर क्षेत्र के गांव सूंध निवासी एक युवक ने गांव के ही रहने वाले दो भाइयों समेत चार लोगों पर अपहरण कर जान से मारने की कोशिश और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अभिषेक के मुताबिक वह 14 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे मोटरसाइकिल से कलवाड़ी गांव जा रहा था। इसी दौरान गुड़ा मोड़ पर गांव सूंध निवासी मुकेश और आकाश दो अज्ञात साथियों के साथ लाठी-डंडे व सरियों से लैस खड़े थे। आरोप है कि इन्होंने बाइक रुकवाकर बुरी तरह मारपीट की और जबरन कार में डालकर तावडू के श्मशान घाट ले गए। जहां आरोपियों ने पेट्रोल डाल उसे जलाने की धमकी दी। इसी दौरान जातिसूचक गालियां दी गईं, नाक रगड़वाई गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया गया और धमकी दी गई कि यदि पुलिस में शिकायत की तो वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देंगे। इस दौरान शोर मचाया तो हमलावर उसे दोबारा कार में डालकर गुड़ा मोड़ पर ले गए जहां उससे फिर मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी जेब से 5 हजार रुपये और शादी की सोने की अंगूठी भी छीन ली। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि 12 सितंबर को भी आरोपियों ने झूठा इल्जाम लगाकर उससे मारपीट की थी और 13 सितंबर को धमकाकर 17 हजार रुपये पेटीएम व 3 हजार रुपये नकद वसूले थे। अब आरोपी उससे 5 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और धमकी दे रहे हैं कि वीडियो वायरल कर देंगे। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन घायल अभिषेक को लेकर तावड़ू सरकारी अस्पताल में लेकर पहुंचे। फिलहाल मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।