पलवल। सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पलवल-नूंह मार्ग पर लालवा गांव के पास सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में मंडकोला गांव निवासी किशन सिंह ने बताया कि दो अप्रैल को उनका पुत्र अमन अपने साथी विकास के साथ बाइक पर सवार होकर पलवल से अपने गांव लौट रहा था। दोनों युवक पलवल-नूंह मार्ग से होते हुए लालवा गांव के पास स्थित नाले के समीप पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में अमन के सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं, बाइक चला रहा विकास भी बुरी तरह घायल हो गया। राहगीरों की मदद से दोनों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि विकास का इलाज जारी है। संवाद