हथीन। बहीन थाना के आली ब्राह्मण गांव में जमीन की पैमाइश के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। आरोप है कि गांव के सरपंच ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक बुजुर्ग और उसके बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। थाना बहीन पुलिस ने सरपंच सहित करीब 10-12 लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
आली ब्राह्मण के रहने वाले शिकायतकर्ता खचेरू ने बताया कि गांव में उसकी एक जमीन है, जिसकी आईडी सर्वे के समय पोर्टल पर चढ़ने से रह गई थी। इसकी सुधार प्रक्रिया के लिए उन्होंने बीडीपीओ और एसडीएम हथीन को शिकायत दी थी। अधिकारियों के आदेश पर 12 मार्च को टीम जमीन की तस्दीक करने गांव पहुंची थी। पैमाइश के समय मौके पर ग्राम सरपंच गंगाराम, कालू राम, टेकचंद, मुकेश, धर्मेश, विवेक, विकास और जगदीश सहित अन्य लोग मौजूद थे। पीड़ित का आरोप है कि बातचीत के दौरान सरपंच गंगाराम ने उसके बेटे जीतराम को गाली देना शुरू कर दिया। जब बेटे ने सरपंच को मर्यादा में रहने को कहा तो सरपंच और उसके साथ आए 10-12 लोगों ने लाठी, डंडों, पत्थरों और राड से उन पर हमला कर दिया। हमले में उसे और उसके पिता को चोट आई। संवाद