सरचार्ज माफी योजना 2025 की शुरुआत, बकायेदारों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बकायेदार उपभोक्ताओं के लिए सरचार्ज माफी योजना 2025 की शुरुआत की है। यह योजना 12 मई से लेकर 11 नवंबर तक लागू रहेगी। इसके तहत शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के उपभोक्ता लाभ उठा सकते हैं।
निगम के उपमंडल अधिकारी ब्रह्मप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने 31 अगस्त 2024 तक का बिजली बिल जमा नहीं किया है, वे इस योजना के पात्र हैं। उपभोक्ताओं को एकमुश्त भुगतान पर 10 प्रतिशत छूट और पूरा सरचार्ज माफ किया जाएगा। अगर उपभोक्ता एकमुश्त भुगतान करने में असमर्थ हैं, तो उनके लिए आसान किस्त सुविधा भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, जिनमें घरेलू, कृषि, औद्योगिक, वाणिज्यिक और सरकारी संस्थान शामिल हैं। सरचार्ज फ्रीज किया जाएगा यानी अब वह और नहीं बढ़ेगा। घरेलू उपभोक्ता 8 मासिक या 4 द्वैमासिक किस्तों में भुगतान कर सकते हैं। कृषि उपभोक्ताओं के लिए 3 बिलिंग साइकिल में भुगतान की सुविधा दी गई है जबकि गलत बिलिंग की स्थिति में बिल सुधार का प्रावधान किया गया है। जिन उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जा चुका है, वे भी योजना के तहत कनेक्शन फिर से जोड़वा सकते हैं, बशर्ते वे पहली किस्त या पूरा बकाया जमा कर दें। अधिकारी ने ने अपील की कि सभी पात्र उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठाएं और अपने बकाया बिलों का निपटारा कर बिजली कनेक्शन को नियमित करवाएं।जानकारी और आवेदन के लिए अपने नजदीकी बिजली निगम कार्यालय से संपर्क करें या निगम के हेल्पलाइन पर कॉल करें।