गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों में योग को अलग विषय के तौर पर शुरू करने की तैयारियां जोरों पर हैं। इस ओर कदम बढ़ाते हुए हरियाणा शिक्षा निदेशालय अब स्कूलों में हर माह के पहले रविवार को योग का अभ्यास कराएगा। इस योग अभ्यास में सभी विद्यार्थियों को शामिल होना होगा। मार्च से ही इस प्रशिक्षण की शुरुआत की जाएगी।
हाल ही में हरियाणा शिक्षा निदेशालय और हरियाणा योग परिषद के संयोजन ने प्रदेश भर के शारीरिक शिक्षकों (पीटीआई, डीपीई) को योग का प्रशिक्षण दिया गया है। जिले से तकरीबन 210 शारीरिक शिक्षक योग का प्रशिक्षण ले चुके हैं। अब ये शिक्षक माह के पहले रविवार को विद्यार्थियों को योग का अभ्यास कराएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी व जिला परियोजना संयोजकों को इस प्रशिक्षण की प्रतिमाह रिपोर्ट भी बनानी होगी। यह अभ्यास ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर कराए जाएंगे। जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी विस्तृत निर्देश के बाद जल्द ही जिले में प्रशिक्षण की तैयारी शुरू करेंगे।
इसके साथ ही प्रतिमाह 21 तारीख को योग प्रशिक्षण दिवस के तौर पर मनाए जाने का भी विचार किया जा रहा है। इस दौरान 50 से 100 शारीरिक शिक्षकों को योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पाठ्यक्रम भी हो चुका है तैयार
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा कक्षा पहली से दसवीं तक का पाठ्यक्रम भी तैयार कर लिया गया है। एससीईआरटी के उपनिदेशक के अनुसार, इस पाठ्यक्रम को सरकार को सौंप दिया गया है।