गुरुग्राम। हरियाणा शिक्षा निदेशालय ने मूल्यांकन परीक्षाओं का री-शिड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षाएं 15 फरवरी से 2 मार्च तक ‘अवसर’ ऐप पर होंगी। कक्षा तीन से नौंवी व ग्यारहवीं के विद्यार्थियों को परीक्षाएं देनी होंगी। इससे पहले यह परीक्षाएं 2 फरवरी से शुरू होने वाली थीं। वहीं, स्कूल खुलने की स्थिति में परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया था।
इन परीक्षाओं में दिसंबर माह के पाठ्यक्रम से बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। कक्षा तीसरी से आठवीं तक के लिए 15 अंकों की परीक्षा होगी। वहीं नौंवीं व ग्यारहवीं के लिए 20 अंकों की। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 24 घंटे तक प्रश्न पत्र ‘अवसर’ ऐप पर मौजूद रहेगा। विद्यार्थी सुबह 8 बजे से अगली सुबह 8 बजे तक किसी भी समय परीक्षा दे सकेंगे।
किसान आंदोलन की वजह से बहुत से स्थानों पर इंटरनेट को बंद किया गया था। इसकी वजह से परीक्षाएं स्थगित हुई थी। उप जिला शिक्षा अधिकारी कल्पना रंगा ने बताया कि परीक्षाओं का शिड्यूल स्कूलों को भेज दिया गया है। शिक्षक सभी विद्यार्थियों को ‘अवसर’ ऐप पर जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए शिक्षा मित्रों की भी मदद भी ली जा रही है।
अवसर एप हैं सिर्फ 35 फीसदी विद्यार्थी
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान दुष्यंत ने बताया कि ऐप पर परीक्षाएं देने में विद्यार्थियों को परेशानी हो सकती है। अभी तक 35 फीसदी ही विद्यार्थी इस एप पर नजर आ रहे हैं। ऐसे में हरियाणा शिक्षा निदेशालय को दूसरे विकल्प पर विचार करना चाहिए। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी गरीब तबके से हैं। कामकाजी अभिभावक दिन में काम पर जाते हैं। वहीं शिक्षामित्र भी काम पर रहते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों पर परीक्षाओं का मानसिक दबाव रहेगा।