गुरुग्राम। शहर में बीते हफ्ते से तेज धूप के कारण दिन में गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग ने आज के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन दिनों अधिकतम तापमान 28 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा रहा है।
मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में तेज धूप के कारण लोग हल्के कपड़ों में नजर आने लगे हैं, जबकि सुबह‑शाम ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बनाए रखी। वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं होने से हवा जहरीली स्तर पर बनी हुई है। सोमवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार गुरुग्राम का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 225 रहा। दिल्ली-एनसीआर में गुरुग्राम की हवा में कुछ सुधार देखने को मिला, लेकिन हालत अब भी जहरीली बनी हुई है। औद्योगिक क्षेत्र मानेसर में स्थिति बेहतर रही, जहां एक्यूआई 154 दर्ज किया गया। संवाद
प्रशासन निर्माण कार्यों पर निगरानी, सड़कों पर पानी छिड़काव, कूड़ा जलाने पर रोक और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। बावजूद इसके कुछ इलाकों में सुधार नहीं हो पा रहा।