सरफेस ड्रेन, फुटपाथ समेत अन्य कार्य होंगे, इस पर 4502.13 लाख रुपये खर्च होंगे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) इफ्को चौक से सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) का जीर्णोद्धार करने जा रहा है। सड़क की मरम्मत के साथ सरफेस ड्रेन, फुटपाथ समेत अन्य कार्य होंगे। इस पर करीब 4502.13 लाख रुपये खर्च होंगे।
दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) स्थित इफ्को चौक से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, कन्हई चौक से वजीराबाद से होकर एसपीआर को जोड़ने वाली रोड की हालत खराब है। शहर की प्रमुख सड़क होने से वाहनों का काफी दबाव रहता है। सड़क खराब होने से वाहन चालकों को रोज जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। इसी रोड पर दिल्ली मेट्रो के दो स्टेशन भी पड़ते हैं। ऐसे में जीएमडीए इस सड़क को बेहतर करने की योजना रखता है। इसके तहत इफ्को चौक, सेक्टर 28/29, 43/44, 52/52ए और 56/57 के सेक्टर डिवाइडिंग रोड होते हुए सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) की विशेष मरम्मत, सतही नालियों, फुटपाथों का विकास और अन्य सभी संबद्ध कार्य शामिल हैं। सड़क रिपेयर समेत अन्य कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। सड़क रिपेयर समेत अन्य कार्य को एक साल में पूरा करने का लक्ष्य है। सनसिटी के पूर्व महासचिव वीएमके सिंह ने बताया कि गोल्फ कोर्स रोड पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। ऐसे में इफ्को चौक से एसपीआर तक सड़क को विकसित करने की जरूरत है। सुबह-शाम वाहनों का काफी दबाव होने से जाम लगा रहता है। इससे फरीदाबाद से आने वाले वाहन चालकों को एनएच 48 पर जाने का दो विकल्प मिलेगा।
सिग्नल फ्री बनाने की योजना
जीएमडीए की इफ्को चौक से एसपीआर तक की सड़क को सिग्नल फ्री बनाने की योजना है। हालांकि, दो साल पहले सर्वे का काम एजेंसी को दिया गया था। पिछले साल इसे दोबारा आगे बढ़ाने पर विचार किया गया था और गोल्फ कोर्स रोड जैसा बनाने की योजना है। इसी रोड पर मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास एक अंडरपास प्रस्तावित है। इसे जीएमडीए बोर्ड से मंजूरी मिली हुई है। गुरुग्राम मेट्रो निर्माण के कारण अंडरपास पर काम शुरू नहीं किया जा रहा है। दूसरा इसी रोड से गुरुग्राम-फरीदाबाद नमो भारत प्रस्तावित है। ऐसे में जीएमडीए सड़क को अब रिपेयर कराने जा रहा है।
वर्जन-
इफ्को चौक से एसपीआर तक विशेष मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इसके साथ ड्रेनेज, फुटपाथ समेत अन्य कार्य कराए जाएंगे। इसका टेंडर जारी कर दिया गया है। सड़क बनने से वाहन चालकों को राहत मिलेगी। - अमित कुमार, कार्यकारी अभियंता, जीएमडीए