- हरियाणा के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों व डाइट प्राचार्यों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गैर साक्षर नागरिकों को अक्षर का ज्ञान कराने के लिए शिक्षा विभाग ने नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (एनआईएलपी)- उल्लास प्रोजेक्ट शुरू किया है। एससीईआरटी के निदेशक महाबीर प्रसाद के मार्गदर्शन में उल्लास प्रोजक्ट को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में हरियाणा के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों सहित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) के प्राचार्यों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला में योजना के बारे में जानकारी दी गई। वर्ष-2027 तक हरियाणा प्रदेश को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने के लिए उल्लास जन-जन साक्षर अभियान के तहत योजना अनुसार कार्य किए जाएंगे। गुरुग्राम स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के माध्यम से प्रदेश में उल्लास प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रोजेक्ट के तहत जिला स्तर पर कमेटी बनाई जाएंगी, जो उल्लास प्रोजेक्ट के तहत जिलेभर में निगरानी रखेगी। इस कमेटी में खंड विकास एवं पंचायत विभाग के साथ जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी, ग्राम स्तर पर कमेटियों का गठन, एनजीओ, स्वयं सेवकों को भी शामिल किया जाएगा।
प्रोजेक्ट के समन्वयक सुंदर सिंह राणा ने कार्यशाला में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम (एनआईएसपी) उल्लास प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी। इसको प्रदेशभर में इस प्रोजेक्ट के तहत कार्य किया जाएगा। कार्यशाला में एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक सुनील बजाज, उप निदेशक कल्पना रंग, विजेंद्र गौड़, नवीन सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।